नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में कड़ाके की ठंड (cold) का दौर जारी है। इसके साथ ही वातावरण में घने कोहरे (dense fog) की चादर छाई होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक सफदरजंग में रविवार को न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली में घने कोहरे के कारण सफदरजंग में विजिबिलिटी 200 मीटर और पालम में 50 मीटर दर्ज की गई।
कड़ाके की ठंड ने दिल्ली-एनसीआर को परेशान कर रखा है। रविवार सुबह सफदरजंग बेस स्टेशन पर मिनिमम टेंपरेचर 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से 5 डिग्री कम है। सफदरजंग में यह पिछले दो साल का सबसे कम तापमान है। शनिवार को यहां न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं आया नगर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 2.8 डिग्री सेल्सियस और पालम में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, शीतलहर से सोमवार के बाद कुछ राहत मिल सकती है। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण लगभग 20 फ्लाइट्स देरी से चल रही है। हालांकि जानकारी के अनुसार सुबह 6 बजे से अबतक किसी फ्लाइट को डाइवर्ट करने की जरूरत नहीं पड़ी है। वहीं रेल सेवाओं पर भी इस कड़ाके की ठंड का काफी असर पड़ा है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। जिसके चलते कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली और हरियाणा के कई हिस्सों में गंभीर शीतलहर चल रही है। उत्तरी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश व बिहार के कुछ हिस्से भी शीतलहर की चपेट में हैं। (आईएएनएस)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


