नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान (minimum temperature) 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) (आईएमडी) के मुताबिक, अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर सुबह साढ़े आठ बजे 37 प्रतिशत दर्ज दिया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है।
दिल्ली में लगातार दूसरे दिन भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है। कुछ मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। सफदरजंग वेधशाला में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक, 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह लगातार तीसरा दिन है जब अधिकतम तापमान यहां 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर गया है।
वर्ष 2022 में दिल्ली में 1951 के बाद दूसरा सबसे गर्म अप्रैल दर्ज किया गया था और महीने का औसत तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मंगलवार को सुबह नौ बजे ‘खराब’ (230) श्रेणी में दर्ज किया गया।
मालूम हो कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


