राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

कर्तव्य पथ पर जलेंगे सवा लाख दीये

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिल्ली सरकार के ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत कर्तव्य पथ पर सवा लाख दीये जलाए जाएंगे। इसके साथ रक्तदान शिविर, 108 कुंडीय यज्ञ और श्रमिक सेवा केंद्र की शुरुआत सहित कई कार्यक्रम होंगे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के प्रत्येक परिवार से गुरुवार शाम छह से सात बजे के बीच एक दीया जलाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और ‘मां भारती की सेवा में निरंतर शक्ति’ के लिए प्रार्थना करने को कहा है।

सीएमओ के मुताबिक ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत कर्तव्य पथ पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थी सवा लाख दीये जलाएंगे।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में होने वाले कार्यक्रम को प्रधानमंत्री के निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से भी जोड़ा गया है। सरकार ने इसे सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को समर्पित आयोजन बताया है।

दिल्ली सरकार कर्तव्य पथ पर दीप प्रज्वलन के अलावा त्यागराज स्टेडियम में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित करेगी। खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडीय यज्ञ होगा और श्रमिकों के लिए ‘नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ की शुरुआत की जाएगी। भाजपा और दिल्ली सरकार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगी।

सीएमओ के मुताबिक त्यागराज स्टेडियम में सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक मेगा रक्तदान शिविर होगा। इसमें 2,500 यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है। रक्तदान शिविर में दिल्ली सरकार के 11 अस्पतालों के ब्लड बैंक के अलावा सेना अस्पताल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, सफदरजंग अस्पताल और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की भागीदारी होगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से इन कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment