नई दिल्ली। अवैध भारतीय प्रवासियों की दूसरी खेप शनिवार को अमेरिका से भारत पहुंचेगी। अमेरिकी जहाज 119 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर शनिवार की रात को 10 बजे पंजाब के अमृतसर पहुंचेगा। इसमें पंजाब के 67 और हरियाणा के 33 लोग होंगे। बाकी 19 लोग अन्य राज्यों के होंगे। बताया जा रहा है कि अवैध प्रवासियों के तीसरे बैच को लेकर 16 फरवरी की रात को भी एक अमेरिकी विमान भारत पहुंचेगा।
इससे पहले पांच फरवरी को अमेरिकी सैन्य विमान सी 17 से 104 भारतीयों को अमृतसर पहुंचाया गया था। इन लोगों के हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां डाल कर लाया गया था। इसमें ज्यादातर प्रवासी पंजाब, हरियाणा और गुजरात के थे। उनके हाथ और पैर में हथकड़ी और बेड़ी लगाने के मसले पर विवाद के बाद भारत सरकार ने अमेरिका के सामने यह मुद्दा उठाया था। तभी हो सकता है कि इस बार उतने अपमानजनक तरीके से भारतीयों को वापस नहीं भेजा जाए।
बहरहाल, अवैध प्रवासियों से भरा जहाज अमृतसर भेजने को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को कहा, ‘पंजाब में अवैध अप्रवासियों के विमान उतारना गलत है। यह पंजाब को बदनाम करने की साजिश है’। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, ‘जो लोग गैरकानूनी तरीके से अमेरिका गए थे, उन्हें डिपोर्ट किया जा रहा है। पहले भी जो लोग डिपोर्ट हुए थे, उनमें अलग-अलग प्रदेशों के लोग थे। फिर विमान अमृतसर में क्यों उतारे जा रहे हैं’?
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

