नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के तीसरे दिन यानी सोमवार को नौ राज्यों के 32 हवाईअड्डे खोल दिए गए। विमानन कंपनियों ने यात्रियों के लिए बुकिंग सोमवार की दोपहर को शुरू कर दिया। इन 32 हवाईअड्डों पर विमानों का परिचालन नौ मई से 15 मई की सुबह तक के लिए बंद कर दिया गया था। लेकिन शनिवार की शाम को दोनों देशों के बीच सीजफायर होने और शांति बहाल होने के बाद हवाईअड्डों को खोलने का फैसला हुआ।
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी एएआई ने सोमवार को एक बयान जारी करके हवाईअड्डों को खोलने की जानकारी दी। एएआई के बयान में बताया गया कि 15 मई तक बंद 32 हवाईअड्डे अब तत्काल प्रभाव से विमानों के परिचालन के लिए उपलब्ध हैं। यात्रियों को उड़ानों की जानकारी के लिए विमानन कंपनियों की वेबसाइटों देखने के लिए कहा गया है। गौरतलब है कि भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए छह और सात मई की रात को पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक किया था। पाकिस्तान ने भी सीमावर्ती इलाकों में जवाबी हमला किया। इसके बाद सीमावर्ती इलाकों के और देश के दूसरे संवेदनशील जगहों पर हवाईअड्डों को बंद कर दिया गया था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



