नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण रोकने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी ग्रैप का तीसरा चरण लागू किया गया है। लेकिन इसका कोई खास असर होता नहीं दिख रहा है। राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई चार सौ से करीब बना हुआ है, जबकि गुरुग्राम में एक्यूआई 426 दर्ज किया गया। गौरतलब है कि वहां भी ग्रैप का तीसरा चरण लागू है।
बहरहाल, शनिवार को राजधानी दिल्ली में एक्यूआई चार सौ से थोड़ा कम रहा। इंडिया गेट के आसपास एक्यूआई 380 दर्ज किया गया। लेकिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हरियाणा में स्थिति सबसे खराब है। वहां प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम जिले के पंचगांव में एक्यूआई 426 दर्ज किया गया। ये देश के 280 निगरानी वाले शहरों में सबसे अधिक प्रदूषित है। राजस्थान के कई इलाकों में भी एक्यूआई तीन सौ करीब दर्ज किया गया।
इस बीच देश के सभी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शहडोल व दमोह में तापमान 12.2 डिग्री और भोपाल व पचमढ़ी में 12.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अगले 4 दिन में तापमान में एक से दो डिग्री की और गिरावट आएगी। बिहार, उत्तर प्रदेश में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



