पटना/नई दिल्ली। बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। राज्य की लगभग सारी बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे कम से कम 14 जिलों में बाढ़ के हालात बने हैं। राज्य के 44 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। उनको राहत पहुंचाने का अभियान लगातार चल रहा है। पांच सौ से ज्यादा सामुदायिक किचेन चल रहे हैं, जहां बाढ़ प्रभावित के लिए भोजन बनाया जा रहा है।
बिहार में बाढ़ प्रभावित जिलों के पांच हजार से ज्यादा स्कूल बाढ़ में डूबने के चलते बंद किए गए हैं। राज्य में गंगा, कोसी और गंडक सहित लगभग सभी बड़ी नदियां उफान पर हैं। इनके किनारे के कई सौ श्मशान घाट डूबे हैं, जिसके चलते अंतिम संस्कार करने में परेशानी हो रही है। उधर उत्तर प्रदेश में भी लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। वहां 26 जिलों में बाढ़ से चार लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बरेली से लेकर बाराबंकी तक बाढ़ के पानी से दर्जनों मकान डूबे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। बताया गया है कि अगले तीन दिन तेज बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि राजस्थान में 11 सितंबर से बारिश शुरू होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने गुजरात में भी 12 सितंबर से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वडोदरा समेत दक्षिण गुजरात के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, नवसारी, वलसाड और डांग में 13 सितंबर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



