नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर वीरता पुरस्कारों का ऐलान हुआ। ऑपरेशन सिंदूर में बहादुरी और साहस दिखाने वाले सशस्त्र बलों के 86 जवानों को गैलेंट्री अवॉर्ड दिया जाएगा। इनमें वायु सेना के 52 जवानों को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। भारतीय वायु सेना के नौ अधिकारियों को वीर चक्र दिया गया है। इनमें ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को तबाह करने वाले फाइटर पायलट भी शामिल हैं। परमवीर चक्र और महावीर चक्र के बाद यह तीसरा सबसे बड़ा पुरस्कार है।
केंद्र सरकार ने सशस्त्र बलों के सात अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक दिया है। इनमें वायु सेना के तीन, थल सेना के दो और नौसेना के एक अधिकारी शामिल हैं। इससे पहले ये पदक कारगिल युद्ध के समय दिए गए थे। भारतीय सेना के 18 जवानों को वीरता मेडल से सम्मानित किया गया है। भारतीय सेना के अधिकारी ने बताया कि थल सेना के दो अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया। वहीं चार कीर्ति चक्र, चार वीर चक्र और आठ शौर्य चक्र दिए गए हैं।
सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ के 16 जवानों को गैलेंट्री मेडल दिया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बीएसएफ के दो जवान शहीद हुए और सात घायल हुए। इसके अलावा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी मेडल से सम्मानित किया है। इनमें जम्मू कश्मीर पुलिस के 128, सीआरपीएफ के 20 और छत्तीसगढ़ पुलिस के 14 पदक शामिल हैं। केंद्र सरकार ने केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों के 1,090 पुलिसकर्मियों को सेवा पदक देने की घोषणा की है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


