नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन शुरू होने से एक दिन पहले रविवार, 29 मार्च को कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। कांग्रेस ने राज्य की 294 सीटों में से पहली बार में ही 284 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। कांग्रेस पार्टी 20 साल में पहली बार अकेले सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पिछला दो चुनाव उसने लेफ्ट मोर्चा के साथ लड़ा था और उससे पहले 2011 में वह तृणमूल कांग्रेस के साथ लड़ी थी। उससे पहले 2006 में भी उसने कई पार्टियों के साथ गठबंधन किया था।
बहरहाल, कांग्रेस पार्टी ने इस बार अपने दिग्गज नेताओं को विधानसभा चुनाव में उतारा है। पूर्व सांसद और प्रदेश अध्यक्ष रहे अधीर रंजन चौधरी बहरामपुर से चुनाव लड़ेंगे। पिछले दिनों तृणमूल कांग्रेस छोड़ कर कांग्रेस में वापस लौटीं पूर्व सांसद मौसम नूर को मालतीपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर सीट पर कांग्रेस ने प्रदीप प्रसाद को उतारा है।
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए जिन बड़े नेताओं के नाम जारी किए हैं उनमें दार्जिलिंग से माधव राय, सुजापुर से अब्दुल हन्नान, दमदम से सुष्मिता बिस्वास, डायमंड हार्बर से गौतम भट्टाचार्य, आसनसोल दक्षिण से सौविक मुखर्जी और आसनसोल उत्तर से प्रसेनजीत पुइतांडी का नाम शामिल है। इससे पहले कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी, जिसमें सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर विचार हुआ और 284 नामों को मंजूरी दी गई।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



