तिरुवनंतपुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को केरल में चुनावी सभा की और रोड शो भी किया। उन्होंने सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक अलायंस यानी एलडीएफ के साथ साथ मुख्य विपक्षी यूडीएफ पर भी निशाना साधा। उन्होंने यूडीएफ का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस पर जम कर हमला किया। मोदी ने पलक्कड़ में चुनावी रैली को संबोधित किया और इसके बाद वे त्रिशूर पहुंचे थे। गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार केरल की त्रिशूर सीट पर ही जीत हासिल की।
बहरहाल, पलक्कड़ में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘दशकों से केरल मतलबी पॉलिटिक्स के दो मुखौटों के बीच फंसा हुआ है। एक तरफ एलडीएफ, दूसरी तरफ यूडीएफ। एक तरफ कम्युनिस्ट, दूसरी कांग्रेस। एक करप्ट, दूसरा महा करप्ट। एक कम्युनल, दूसरा महा कम्युनल’। मोदी ने कहा, एलडीएफ और यूडीएफ की सारी पॉलिसी सिर्फ वोट बैंक पॉलिटिक्स के लिए हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘इन भ्रष्टाचारी पार्टियों को बीजेपी से डर लगता है। अगर हम सत्ता में आ गए तो इनके सारे काले कारनामों की पोल खुल जाएगी’। प्रधानमंत्री मोदी ने केरल के त्रिशूर में रोडशो भी किया।
गौरतलब है कि केरल विधानसभा की 140 सीटों के लिए नौ अप्रैल, मतदान होगा। पलक्कड की सभा में मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस के नेता पलक्कड़ के लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। कल महिलाओं के शोषण के गंभीर आरोपों के चलते कांग्रेस को उन्हें पार्टी से निकालना पड़ा। इस वजह से महिलाओं को सावधान रहना चाहिए’। प्रधानमंत्री मोदी सोमवार, 30 मार्च को असम और पुडुचेरी के एनडीए कार्यकर्ताओं से वर्चुअली संवाद करेंगे। यह बातचीत ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत संवाद’ अभियान के तहत होगी।


