नई दिल्ली। भारत और अबु धाबी के शासकों की नई पीढ़ी के साथ पहली बार भारत ने आधिकारिक रूप से कारोबारी समझौता किया है। भारत के दौरे पर आए अबु धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालेद बिन मोहम्मद बिन जायेद अल नहयान ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने दोपक्षीय संबंधों पर चर्चा की और बाद में परमाणु ऊर्जा, तेल और फूड पार्क को लेकर समझौतों पर दस्तखत किए गए। पहली बार भारत ने संयुक्त अरब अमीरात के शासकों की नई पीढ़ी से आधिकारिक तौर पर संबंध स्थापित किया है।
अबु धाबी के क्राउन प्रिंस मंगलवार को मुंबई जाएंगे। वहां वे दोनों देशों के उद्योगपतियों और कारोबारियों से मुलाकात करेंगे। सोमवार को एक समझौता गुजरात सरकार और अबु धाबी की कंपनी के बीच हुआ है। इसके तहत भारत में कई फूड पार्क बनाए जाएंगे। वहीं, यूएई के परमाणु संयंत्र के संचालन और रखरखाव को लेकर भी भारत के साथ समझौता हुआ है। भारत ने ऊर्जा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता किया है। इसके तहत अबु धाबी लंबे समय के लिए भारत को एलएनजी की आपूर्ति करेगा।
बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद अबु धाबी के क्राउन प्रिंस ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा गांधी की सीख हमें प्रेरणा देती है। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



