अहमदाबाद। एयर इंडिया के विमान हादसे में करीब 60 विदेशी यात्री मारे गए हैं, जिनमें 52 ब्रिटिश नागरिक हैं। इसके अलावा सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक की हादसे में मौत हुई है। एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 171 ने दोपहर एक बज कर 38 मिनट पर अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और दोपहर एक बज कर 40 मिनट पर विमान हादसे का शिकार हो गया।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस हादसे पर दुख जताया है। कीर स्टार्मर ने संसद में कहा, ‘कई ब्रिटिश नागरिकों को लेकर लंदन आ रहे प्लेन के अहमदाबाद में क्रैश होने के कई विजुअल बहुत भयानक हैं। मुझे हर अपडेट के बारे में जानकारी दी जा रही है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ है’। ब्रिटेन की सरकार ने एयर इंडिया विमान के हादसे का शिकार हुए लोगों के परिजनों को हरसंभव मदद मुहैया कराने की बात कही।
ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह भारत में स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हादसे के हर पहलू को पता करने और इसमें शामिल लोगों को मदद देने की कोशिश कर रहा है। अगर किसी ब्रिटिश नागरिक को वाणिज्य दूतावास से मदद चाहिए या उन्हें अपने दोस्तों या परिवार की चिंता है, तो वे संपर्क कर सकते हैं। ब्रिटेन ने एक इमरजेंसी नंबर भी जारी किया है। वहीं, पुर्तगाल के मंत्री एमिडियो सूसा ने कहा कि विमान हादसे में दोहरी राष्ट्रीयता वाले सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे। पुर्तगाली अधिकारी उन सभी लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



