अहमदाबाद। एय़र इंडिया के विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय रूपानी का निधन हो गया। विमान हादसे के तुरंत बाद खबर आई थी कि वे विमान में 12 नंबर सीट पर बैठे थे। एक महिला की सेल्फी भी सामने आई, जो उसने सोशल मीडिया में पोस्ट की थी। थोड़ी देर के बाद राज्यसभा सांसद और रिलायंस समूह से जुड़े परिमल नाथवानी ने सोशल मीडिया में पोस्ट करके रूपानी के निधन की जानकारी दी।
रूपानी के जानकारों ने बताया है कि वे अपनी बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है और वो अपने परिवार के साथ लंदन में रहती हैं। गौरतलब है कि रूपानी पिछले तीन साल से भाजपा संगठन में काम कर रहे हैं और पंजाब व चंडीगढ़ के प्रभारी थे। उन्होंने तीन दिन पहले लुधियाना पश्चिम सीट के उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार जीवन गुप्ता के लिए प्रचार किया था। इससे पहले तीन जून को वे जीवन गुप्ता के नामांकन में शामिल हुए थे।
रूपानी को आनंदी बेन पटेल की जगह मुख्यमंत्री बनाया गया था और कोरोना महामारी के समय वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उनको हटा कर भूपेंद्र पटेल को मुख्यमंत्री बनाया गया और पटेल के नेतृत्व में भाजपा ने 2022 का चुनाव लड़ा। बहरहाल, गुरुवार को गुजरात प्रदेश के अनेक भाजपा नेता उन्हें हवाईअड्डे तक छोड़ने आए थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



