नई दिल्ली। बिना इमिग्रेशन चेक के नई दिल्ली हवाईअड्डे से तीन यात्रियों के उड़ान भरने के मामले में केंद्र सरकार ने सख्त रुख अख्तियार किया है। सरकार ने एयर इंडिया के नए सीईओ तेवोल्डे गेब्रेमारियम को बुला कर जवाब तलब किया है। असल में दिल्ली हवाईअड्डे पर बड़ी इमिग्रेशन चूक हुई। तीन इतालवी यात्री चार सितंबर को अमृतसर से दिल्ली आए थे और उसके बाद दिल्ली से म्यूनिख के लिए लुफ्थांसा की उड़ान भरी। यात्रियों को इमिग्रेशन की तय प्रक्रिया पूरी करनी थी, लेकिन वे इमिग्रेशन चेकपॉइंट तक नहीं गए और बिना जांच के अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में सवार हो गए। इस घटना पर एयर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
नागरिक विमानन मंत्रालय ने इस घटना को सुरक्षा और इमिग्रेशन से जुड़ी गंभीर चूक माना है। मंत्रालय ने एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि तीनों विदेशी नागरिक बिना जरूरी इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी किए हवाईअड्डे से कैसे रवाना हो गए। एयर इंडिया को इस घटना की पूरी परिस्थितियों और जिम्मेदारी तय करने को लेकर भी सरकार को सफाई देनी होगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



