नई दिल्ली। एयर इंडिया को नया सीईओ मिल गया है। कैम्पबेल विल्सन की जगह कंपनी ने टेवोल्डे गेब्रेमैरियम को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ नियुक्त किया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सीईओ कैंपबेल विल्सन ने इस्तीफा दे दिया था। पिछले कुछ समय से यह विमानन कंपनी घाटे में चल रही है और घाटे से उबरने की रफ्तार भी काफी धीमी है।
बहरहाल, टेवोल्डे गेब्रेमैरियम इथियोपिया के बिजनेस एग्जीक्यूटिव हैं। उन्हें अफ्रीका के विमानन उद्योग के सबसे सफल कार्यकारी अधिकारियों में से एक माना जाता है। उन्होंने 2011 से 2022 तक इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के ग्रुप चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के रूप में काम किया था। कोरोना की महामारी के दौरान जब दुनिया भर की विमानन कंपनियां दिवालिया होने की कगार पर थीं और सरकारी वित्तीय पैकेज पर निर्भर थीं, तब टेवोल्डे ने कार्गो यानी माल ढुलाई ऑपरेशन्स का तेजी से विस्तार किया। इसके दम पर उन्होंने इथियोपियन एयरलाइंस को बिना किसी सरकारी बेलआउट पैकेज के मुनाफे में बनाए रखा।
गौरतलब है कि कैंपबेल विल्सन ने जुलाई 2022 में एयर इंडिया की कमान संभाली थी। घाटे और कंपनी के सुधार में हो रही देरी के बीच उन्होंने अपने पद से 2024 में इस्तीफा दे दिया था, जिसे बोर्ड ने स्वीकार कर लिया था। विल्सन नए उत्तराधिकारी की नियुक्ति तक नोटिस पीरियड के दौरान अपने पद पर बने रहे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



