राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

एनडीए में लौटा अकाली दल

नई दिल्ली। पिछले कई महीनों की अटकलों के बाद आखिरकार अकाली दल की एनडीए में वापसी हो गई। बादल परिवार फिर से एनडीए का हिस्सा बन गया है और साथ ही अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए दोनों पार्टियों के गठबंधन का ऐलान भी हो गया। इसके महत्व को इस बात से समझा जा सकता है कि गठबंधन का ऐलान खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया है। साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगी। यानी सरकार बनी तो अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल मुख्यमंत्री होंगे।

छह साल के बाद अकाली दल की एनडीए में वापसी हुई है। मंगलवार को नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई, जिसे अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने संबोधित किया। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी मौजूद थे। गठबंधन का ऐलान करते हुए अमित शाह ने कहा, ‘पंजाब में दोनों दल मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। चुनाव जीतने के बाद अकाली दल का नेता ही मुख्यमंत्री बनेगा’।

हालांकि सीट बंटवारे को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। गौरतलब है कि अकाली दल एनडीए में भाजपा की दूसरी सबसे पुरानी सहयोगी पार्टी है। दोनों के बीच 1996 में तालमेल हुआ था और 1997 का चुनाव दोनों ने मिल कर लड़ा था, जिसमें गठबंधन की जीत हुई थी। इसके बाद 2007 और 2012 में भी गठबंधन जीता था। तीनों बार अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने थे।

तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों पार्टियों का गठबंधन समाप्त हो गया था और हरसिमरत कौर बादल ने केंद्र सरकार से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 2022 का विधानसभा चुनाव और 2024 का लोकसभा चुनाव दोनों पार्टियों ने अलग अलग लड़ा था। 2022 में अलग लड़ कर भाजपा दो और अकाली दल तीन सीटों पर जीती। ऐसे ही लोकसभा में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली, जबकि अकाली दल को एक सीट मिली। तभी इस गठबंधन से दोनों पार्टियों की उम्मीद बढ़ी है। पंजाब में अकाली और भाजपा नेताओं ने अपने अपने पार्टी कार्यालय में मिठाई बांट कर इसका स्वागत किया।

बहरहाल, मंगलवार को गठबंधन की घोषणा के समय अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक गठबंधन नहीं है। यह इमोशनल गठबंधन है। उन्होंने कहा, ‘मेरे पिता कहते थे कि यह नाखून-मांस का गठबंधन है। जितनी देर यह गठबंधन रहा पंजाब तरक्की पर रहा। पंजाब में शांति रही। यह रिश्ता मेरे पिताजी और अटल अडवाणी जी ने बनाया था। यह एक पारिवारिक रिश्ता है’।

दोनों पार्टियों के बीच विवाद के मुद्दों पर अमित शाह ने पक्ष रखा। किसानों की समस्या पर अमित शाह ने कहा कि उन्होंने सुखबीर बादल को तीन महीने के भीतर इन समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया है। बंदी सिखों की रिहाई पर उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां बैठकर विस्तार से चर्चा करेंगी और कोई रास्ता निकालने का प्रयास करेंगी। करतारपुर कॉरिडोर पर शाह ने कहा कि इसे प्रधानमंत्री मोदी ने बनवाया है। सरकार इसे खोलना चाहती है। राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे बंद किया गया है। जैसे ही परिस्थितियां सामान्य होंगी, कॉरिडोर खोल दिया जाएगा।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment