नई दिल्ली। एक महीने के भीतर तीसरा चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश और ओडिशा की परेशानी का कारण बनने वाला है। तूफान अर्नब और मुरासू के बाद अब अकवान से खतरा बड़ा है। इसे लेकर 14 राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात अकवान ने रास्ता बदल लिया है और अब यह आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच टकराएगा। मौसम विभाग ने पहले तूफान के आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच टकराने की बात कही थी।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार दोपहर दो बजे तूफान विशाखापत्तनम से 560 किलोमीटर और चेन्नई से 510 किलोमीटर दूर था। उस समय हवा की रफ्तार 130 से 145 थी। तूफान जब समुद्र तट से टकराएगा तब हवा की रफ्तार डेढ़ सौ किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। ओडिशा में प्रशासन ने आठ जिलों के 87 ब्लॉक में 1,902 संवेदनशील जगहों की पहचान की है। लोगों को निकालने के लिए करीब साढ़े तीन हजार राहत शिविर तैयार किए गए हैं।
चक्रवाती तूफान अकवान के चलते आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी चार दिन भारी बारिश का अलर्ट है। तमिलनाडु समेत आठ राज्यों में तूफान का बड़ा असर पड़ सकता है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल में भी अलर्ट जारी किया गया है। एक तरफ पूर्वी व दक्षिण राज्यों में तूफान के कारण तेज हवा और बारिश का अलर्ट है तो पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के कारण उत्तर भारत में तेजी से तापमान गिर रहा है। उत्तराखंड से लेकर हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में तापमान में बड़ी गिरावट आई है। मैदानी इलाकों में राजस्थान और उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ी है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



