नई दिल्ली। भारत के दौरे पर पहुंचे मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दोपक्षीय वार्ता की। इससे पहले राष्ट्रपति भवन में मुइज्जू का औपचारिक स्वागत किया गया और उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे। बाद में मुइज्जू ने राजघाट जाकर राष्ट्रपति महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। गौरतलब है कि राष्ट्रपति बनने के बाद मुइज्जू की यह भारत की पहली औपचारिक दोपक्षीय यात्रा है। इससे पहले वे जून में प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने भारत आए थे।
अपनी भारत यात्रा के दौरान मुइज्जू ने कई विषयों पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि उनके देश की ‘मालदीव फर्स्ट’ की नीति से भारत के संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि दूसरे देशों के साथ मालदीव के संबंधों का भारत के साथ रिश्ते पर असर नहीं पड़ेगा। मुइज्जू ने कहा कि मालदीव और भारत के बीच रिश्ते हमेशा से मजबूत रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और मजबूती देगी।
मोदी और मुइज्जू ने हैदराबाद हाउस में दोपक्षीय बैठक की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मुइज्जू ने मालदीव में हनीमाधू अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के रनवे का वर्चुअल तरीके से उद्घाटन किया। मुइज्जू ने प्रधानमंत्री मोदी को मालदीव आने का निमंत्रण भी दिया। दोनों देशों के नेताओं की मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मालदीव के संबंध सदियों पुराने हैं। भारत मालदीव का सबसे करीबी पड़ोसी और घनिष्ट मित्र देश है। उन्होंने कहा- हमारी नेबरहुड पॉलिसी और सागर विजन में मालदीव का अहम स्थान है। मोदी ने कहा कि चाहे प्राकृतिक आपदा के समय पीने का पानी उपलब्ध कराना हो, कोविड के समय वैक्सीन देने की बात हो, भारत ने हमेशा अपने पड़ोसी होने के दायित्व को निभाया है। भारत ने हमेशा मालदीव के लोगों के हित को प्राथमिकता दी है।
मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू भारत के साथ 40 करोड़ डॉलर के करेंसी स्वैप एग्रीमेंट और तीन हजार करोड़ रुपए की मदद के लिए भारत को धन्यवाद दिया। भारत ने नकदी की कमी से जूझ रहे मालदीव को 10 करोड़ डॉलर का ट्रेजरी बिल रोल ओवर दिया है। मुइज्जू ने भारत की तरफ से मिलने वाली मदद के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत जरूरत के समय मालदीव के साथ खड़ा रहा है। मुइज्जू ने कहा कि मालदीव और ज्यादा भारतीय पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

