नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया। वर्चुअल तरीके से आयोजित इस कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि देश बहुत बड़े लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। यह 20वां रोजगार मेला था। मोदी ने नए चुने कर्मचारियों को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा, ‘आप सभी ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़े हैं, जब देश बहुत बड़े लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। ये लक्ष्य है 2047 तक विकसित भारत बनाने का। इसमें आप जैसे युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है’।
उन्होंने कहा, ‘सरकार में रहते हुए आपको हर वो निर्णय लेना है, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को निरंतर सशक्त करे’। पीएम मोदी ने कहा, ‘देश में त्योहारों का समय शुरू हो चुका है। इन खुशियों के बीच आज का दिन हजारों परिवारों के जीवन में नई खुशी लेकर आया है’। उन्होंने कहा, ‘आज देश के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं। आज आप जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसके पीछे आपकी मेहनत तो है ही। साथ ही आपके माता-पिता और आपके परिजन की भी तपस्या है’।
युवाओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘मैं आप सभी युवा साथियों को और आपके परिवारजनों को बहुत बहुत बधाई देता हूं। युवा होने के नाते विशेष तौर पर अन्य युवाओं के प्रति आपकी विशेष जिम्मेदारी है’। उन्होंने कहा, ‘भारत के युवाओं के सामर्थ्य की एक और तस्वीर हमारे स्टार्टअप इको सिस्टम में दिखाई देती है। भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इको सिस्टम है। और भारत की स्टार्टअप स्टोरी अब केवल बड़े शहरों की कहानी नहीं है’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



