नई दिल्ली। चुनाव आयोग के बाद अब भारतीय जनता पार्टी दिल्ली पुलिस के समर्थन में उतरी है। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया है और आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी कर रहे हैं। इससे पहले दिल्ली पुलिस की ओर से कई महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी के वीडियो जारी किए गए।
इसे लेकर दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सेंट्रल दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित कांग्रेस मुख्यालय के पास प्रदर्शन किया। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आईटीओ चौराहे से कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ने से रोक दिया।
उधर राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन करने और राजघाट जाने को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, ‘इस समय आप राहुल गांधी और विपक्ष को राजघाट पर देख रहे हैं। अगर बापू जीवित होते तो कम से कम कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को कुछ समझदारी भरी सलाह तो देते’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



