नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी पर बड़ा आरोप लगाय है। राहुल गांधी पर देशद्रोह के आरोप लगाने के बाद अब भाजपा ने कहा है कि सोनिया गांधी भी देश विरोधी ताकतों से जुड़ी हैं। भाजपा ने रविवार को कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ऐसे संगठन से जुड़ी हैं, जो कश्मीर को भारत से अलग करने की वकालत करता है। इससे पहले भाजपा ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया था कि वे अमेरिका जाकर भारत विरोधी लोगों और संगठनों से मिलते हैं।
इसी आरोप को आगे बढ़ाते हुए भाजपा ने सोनिया गांधी पर आरोप लगाए हैं। रविवार को भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सोनिया जिस संगठन से जुड़ी हैं उसको जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन की तरफ से फंडिंग मिलती है। इस संगठन का नाम फोरम ऑफ डेमोक्रेटिक लीडर्स इन एशिया पैसिफिक है। सोनिया इसकी सह अध्यक्ष हैं।
भाजपा कहना है कि संसद सत्र से पहले जान बूझकर भारतीय उद्योगपतियों के खिलाफ रिपोर्ट लाई जाती
भाजपा ने इसके आगे आरोप लगाया है कि कांग्रेस के राजीव गांधी फाउंडेशन को भी जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन से फंड मिला है। इस फंड का इस्तेमाल भारत को बदनाम करने के लिए किया जा रहा है। भाजपा का दूसरा आरोप है कि राहुल गांधी कई बार ऑर्गनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट यानी ओसीसीआरपी की रिपोर्ट का हवाला देकर केंद्र सरकार पर हमला करते हैं। इस संस्था ओसीसीआरपी को जॉर्ज सोरोस से फंडिग मिलती है। ये दोनों कांग्रेस के साथ मिलकर भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने और मोदी सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
गौरतलब है कि ओसीसीआरपी खोजी पत्रकारों का एक वैश्विक संगठन है। इसी संगठन ने पिछले साल यानी 2023 में अपनी रिपोर्ट में कारोबारी गौतम अडाणी पर शेयर बाजार में जोड़ तोड़ करने और कई तरह की अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। इसके अलावा इसी संगठन ने पेगासस मुद्दे को लेकर भी रिपोर्ट प्रकाशित की थी। राहुल गांधी कई बार ओसीसीआरपी की रिपोर्ट के आधार पर प्रधानमंत्री नरेंद् मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साध चुके हैं।
गौरतलब है कि भाजपा पिछले तीन चार दिन से राहुल गांधी के खिलाफ बहुत आक्रामक हो गई है। उसने यह भी आरोप लगाया है कि ओसीसीआरपी और राहुल गांधी मिल कर भारत को तोड़ने की कोशिश में हैं। पांच दिसंबर को भाजपा सांसद संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें फ्रांसीसी मीडिया की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया था कि ओसीसीआरपी को अमेरिकी सरकार की तरफ काफी फंडिंग मिलती है। साथ ही इस संगठन को अमेरिकी उद्योगपति जॉर्ज सोरोस से भी पैसा मिलता है। ताकि भारत विरोधी अभियान चलाया जा सका। भाजपा का कहना है कि संसद सत्र से पहले जान बूझकर भारतीय उद्योगपतियों के खिलाफ रिपोर्ट लाई जाती हैं। ताकि संसद न चल सके। इससे भारत का नुकसान हो और भारत के उद्योगपति न पनपें। यही राहुल गांधी की कोशिश है।
Image Source: ANI


