मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के राहुल नार्वेकर एक बार फिर महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर होंगे। विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन उन्होंने स्पीकर पद के लिए नामांकन भर दिया है। इससे पहले विशेष सत्र के दूसरे दिन रविवार को 105 विधायकों ने शपथ ली। लगभग सभी विपक्षी विधायक इनमें शामिल थे। उन्होंने ईवीएम के मुद्दे पर विरोध करते हुए सात दिसंबर को शपथ लेने से इनकार किया था और सदन से वॉकआउट कर दिया था।
कांग्रेस के नाना पटोले, विजय वडेट्टीवार और अमित देशमुख, शरद पवार की एनसीपी के नेता जितेंद्र अव्हाड और उद्धव ठाकरे की शिव सेना के आदित्य ठाकरे ने रविवार को सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही शपथ ली। इससे पहले शनिवार को 173 विधायकों ने शपथ ली थी। इनमें समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी और रईस शेख भी शामिल थे। अब नौ विधायक बचे हैं, जो सोमवार को शपथ लेंगे।
इस बीच रविवार को राहुल नार्वेकर ने स्पीकर पद के लिए नामांकन भर दिया। कोलाबा सीट से विधायक चुने गए नार्वेकर का निर्विरोध स्पीकर चुना जाना तय है क्योंकि किसी और उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। बहरहाल, शपथ ग्रहण से पहले विपक्ष के नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से मुलाकात की। ये सभी विधानसभा में डिप्टी स्पीकर के पद की मांग को लेकर पहुंचे थे।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में किसी भी विपक्षी पार्टी को विधानसभा की कुल सीटों के 10 फीसदी के बराबर यानी 28 सीटें नहीं मिली हैं। इसलिए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष को लेकर संशय है। कहा जा रहा है कि विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी साझा तौर पर नेता प्रतिपक्ष पद की मांग कर सकता है। महाराष्ट्र विधानसभा के 23 नवंबर को आए नतीजों में विपक्षी पार्टियों में उद्धव ठाकरे की शिव सेना को सबसे ज्यादा 20, कांग्रेस को 16 और शरद पवार की एनसीपी को 10 सीटों पर जीत मिली थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

