राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

मुस्लिम बहुल सीटों पर भी जीती भाजपा!

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मनमाने रवैए के खिलाफ चल रहे विपक्ष के प्रदर्शन के बीच भाजपा को बड़ी जीत मिली है। उसने पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों और असम की लोकसभा सीट पर उपचुनाव जीत लिया है। पुडुचेरी के सीट भी एनडीए के खाते में गई है, जबकि तमिलनाडु की दोनों सीटें सत्तारूढ़ टीवीके ने जीती है।

असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के देबाशीष शर्मा ने एआईयूडीएफ के बदरूद्दीन अजमल को चुनाव हराया। करीब 60 फीसदी मुस्लिम आबादी वाली इस सीट पर भाजपा डेढ़ लाख से ज्यादा वोट से जीती। उसे 50 फीसदी के करीब वोट मिले। कांग्रेस की शिबोमणी बसु तीसरे स्थान पर रहीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में यह सीट कांग्रेस के प्रद्योत बोरदोलोई ने जीती थी, जो विधानसभा चुनाव के समय पाला बदल कर भाजपा में चले गए। उनके इस्तीफे से यह सीट खाली हुई थी।

सबसे ज्यादा चौंकाना वाला नतीजा पश्चिम बंगाल की रेजीनगर सीट से आया, जहां 60 हजार से ज्यादा वोट से जीते हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद बुरी तरह से चुनाव हार गए हैं। करीब 65 फीसदी मुस्लिम आबादी वाली इस सीट पर भाजपा के शंखरव सरकार ने आजाद को 75 हजार से ज्यादा वोट से हराया। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और लेफ्ट उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे से खाली हुई नंदीग्राम सीट पर भाजपा की हसीरानी रथ ने सारे रिकॉर्ड़ तोड़ दिए। वे 1,22,753 वोटों से जीतीं। उन्हें कुल 1,64,427 वोट मिले। यह 1967 के सीट के अस्तित्व में आने के बाद जीत का सबसे बड़ा अंतर है।

उधर तमिलनाडु की दो सीटों पर उपचुनाव हुए थे। धारापुरम सीट पर टीवीके की सत्यभामा ने और मदुरंतकम सीट पर के कुमारवेल ने जीत हासिल की। दोनों सीटें पिछली बार इन्हीं दो महिलाओं ने अन्ना डीएमके की टिकट पर जीती थीं। बाद में दोनों विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो गई थीं। टीवीके ने उन्हें फिर से टिकट देकर उपचुनाव में उतारा। दोनों सीटों पर डीएमके दूसरे स्थान पर रही।

उपचुनाव के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को धन्यवाद दिया। शुक्रवार को असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के उपचुनावों में भाजपा और एनडीए को चार सीटों पर मिली जीत को लेकर मोदी ने लोगों का आभार जताया और कहा कि यह जीत एक बार फिर दिखाती है कि लोगों का गठबंधन के सुशासन के एजेंडे से “गहरा जुड़ाव” है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment