नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू हो गया है। सोमवार, दो सितंबर को पार्टी ने ‘संगठन पर्व, सदस्यता अभियान 2024’ की शुरुआत की। इस मौके पर सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी की सदस्यता ली। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के सभी बड़े नेताओं ने फिर से पार्टी की सदस्यता ली। पूरे देश में यह सदस्यता अभियान शुरू हुआ। इसके बाद राज्यों में चुनाव होंगे और कम से कम आधे राज्यों में चुनाव के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।
सदस्यता अभियान की शुरुआत के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- आज भाजपा के सदस्यता अभियान का एक और दौर शुरू हो रहा है। भारतीय जनसंघ से अब तक हमने देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति लाने की कोशिश की है। हम वो लोग हैं, जिन्होंने दीवारों पर कमल भी बड़ी श्रद्धा से पेंट किया। हमें विश्वास था दीवारों पर पेंट किया हुआ कमल कभी न कभी दिलों पर भी पेंट हो जाएगा।
भाजपा नेताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा- हमारे कार्यकर्ताओं को लेकर कहा जाता था कि इनका एक पैर रेल में रहता है और दूसरा जेल में। रेल में क्योंकि कार्यकर्ता लगातार भ्रमण किया करते थे। और जेल में इसलिए क्योंकि तब सत्ताधारी एक जुलूस भी नहीं निकालने देते थे। वे हमें जेल में डाल देते थे। हम ऐसे सत्ताधारियों के जुल्म सहकर यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा- ये जो सदस्यता अभियान होगा, जो संगठन की संरचना होगी, इसी दौरान विधानसभाओं और लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू हो गया होगा। इस सदस्यता अभियान में मैं उन सभी लोगों को जोड़ूंगा, जो मेरी पार्टी के इतने महत्वपूर्ण निर्णय में अधिकतम महिलाओं को विजयी बनाकर सांसद, विधायक बना सकें।
इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हमारी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी तो है ही, साथ ही सभी राजनीतिक दलों में एक प्रकार से अनूठी पार्टी है। आज भारत के डेढ़ हजार से अधिक राजनीतिक दलों में कोई भी दल लोकतांत्रिक तरीके से विश्वास और खुलेपन के साथ हर छह साल के बाद अपने सदस्यता अभियान नहीं चलाता है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



