नई दिल्ली। चीन की स्टार्टअप कंपनी डीपसीक ने दुनिया का सबसे सस्ता और सबसे सक्षम आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस चैटबॉट बना कर सबको हैरान कर दिया है। यह एआई चैटबॉट सामने आने के बाद पूरी दुनिया में हड़कंप मचा है। अमेरिका के शेयर बाजार में भारी गिरावट हुई है। दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में से एक चिप बनाने वाली एनवीडिया की बाजार पूंजी एक दिन में छह सौ अरब डॉलर कम हो गई है। ओपनएआई से लेकर मेटा जैसी महाबली कंपनियों के सामने इसने संकट खड़ा कर दिया है। गौरतलब है कि राष्ट्रपति बनने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने पांच सौ अरब डॉलर के निवेश से एआई के स्टारगेट प्रोजेक्ट की घोषणा की थी।
बहरहाल, चीन की कंपनी ने एआई से लैस चैटबॉट लॉन्च किया और सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार में इससे भूचाल आ गया। देखते ही देखते यह ऐप अमेरिका में ऐपल के प्ले स्टोर से सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला ऐप बन गया। इस ऐप के आने के बाद 27 जनवरी को चिप बनाने वाली अमेरिकी कंपनी एनवीडिया का बाजार मूल्य करीब छह सौ अरब डॉलर घट गया। ऐसा नहीं है कि सिर्फ एनवीडिया की ही मार्केट वैल्यू घटी है। उसके अलावा गूगल और माइक्रोसाफ्ट जैसी कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखी गई।
डीपसीक की वजह से 27 जनवरी को अमेरिकी शेयर सूचकांक नैसडेक में 3.1 फीसदी की गिरावट हुई। एनवीडिया के शेयर में 17.4 फीसदी, माइक्रोसाफ्ट के चैटजीपीटी के शेयर में 2.1 फीसदी और गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के शेयर में 4.2 फीसदी की गिरावट देखी गई। ‘डीपसीक वी3’ और ‘डीपसीक आर1’ ये दोनों चैटजीपीटी सहित बाकी तमाम एआई चैटबॉट को चुनौती दे रहे हैं। यह ओपन सोर्स का चैटबॉट है, जो बाकियों के मुकाबले कई गुना ज्यादा सस्ता है।
बहरहाल, डीपसीक आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की एक चीनी कंपनी है। इसकी स्थापना लिआंग वेनफेंग नाम के इंजीनियर ने की थी। इसका मुख्यालय हांगचो में है। इसे जुलाई 2023 में लॉन्च किया गया था। डीपसीक के लि वेनफेंग ने हेज फंड के जरिए निवेशक जुटाए थे। इसे तैयार करने में बहुत कम खर्च आया है। यह न सिर्फ सस्ता है, बल्कि पहले से मौजूद बाकी एआई चैटबॉट मॉडल से कई मामलों में खास बताया जा रहा है। इसके फीचर्स ज्यादा बेहतर बताए जा रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: Social Media

