राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सीजेपी की 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने की अपील

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी, सीजेपी ने देश भर के लोगों से खास कर युवाओं से 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने की अपील की है। सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बुधवार को दिल्ली में प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के लिए उन लोगों ने 36 दिन तक प्रदर्शन किया था। मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए भी उनका प्रदर्शन बहुत बड़ा होगा। उन्होंने 10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर प्रदर्शन की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार को डर है कि देश का युवा एकजुट हो गया तो इनकी खैर नहीं है।

सीजेपी के सौरव दास ने भाजपा के ऊपर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं से कह रही है कि दिल्ली पहुंच कर पत्थरबाजी करो। लाठियां चलाओ। उन्होंने कहा, ‘क्या सरकार देश में गृहयुद्ध चाहती है? हम सरकार को चेतावनी देते हैं कि सुधर जाइए। देश का युवा जवाबदेही मांग रहा है। पिछली गलती को मत दोहराइए’।

लेफ्ट पार्टियों के छात्र संगठनों के नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए सौरव दास ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सिर्फ हटाया न जाए उन पर केस भी हो और उन्हें सजा मिले। उन्होंने कहा कि एक स्वतंत्र कमेटी ज्ञानेश कुमार और उनके फैसलों की जांच करे। सौरव ने बताया कि 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी दिल्ली के जंतर मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए ही प्रदर्शन करने वाली है।

सीजेपी और लेफ्ट के नेताओं दिल्ली पुलिस के ऊपर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पुलिसकर्मी महिला प्रदर्शनकारियों से बदसलूकी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कोई भी दरिंदे जो दिल्ली पुलिस में हैं, जिन्हें पैसों से भर्ती किया गया है उन्हें छोड़ना नहीं है। सौरव दास ने कहा, ‘जब हम धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे थे तब पुलिस ने बर्बरता की। लोगों के सिर फोड़े, लड़कियों के साथ बदसलूकी की, पैलेट गन चलाई, बिहार में तो भाजपा सरकार ने एके 47 तक चला दी। हमें आशंका है कि इस बार दिल्ली में भी ये लोग ऐसा ही कुछ प्लान कर रहे हैं’।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment