नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने मतदान में गड़बड़ी के विपक्ष के आरोपों के बीच एक बड़े बदलाव का ऐलान किया है। चुनाव आयोग ने इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम में उम्मीदवारों की रंगीन फोटो लगाने का फैसला किया है। इसके साथ ही ईवीएम पर प्रत्याशियों के नाम और नंबर का फॉन्ट साइज भी बड़ा किया जाएगा ताकि उसे आसानी से पढ़ा जा सके। वोट देते समय मतदाता उम्मीदवार का नाम और उसकी तस्वीर अच्छे से देख कर बटन दबा सकेंगे।
बताया जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव से ही चुनाव आयोग इसकी शुरुआत करेगा। इसके लिए आयोग ने जरूरी दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। चुनाव आयोग ने दावा किया है कि इस नई पहल के अलावा मतदाताओं की सुविधा और चुनाव प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए पिछले छह महीनों में आयोग ने 28 पहल की है।
बहरहाल, चुनाव आयोग ने बताया है कि, निर्वाचन नियम, 1961 के नियम 49बी के तहत ईवीएम बैलेट पेपर की डिजाइन और प्रिंटिंग संबंधी मौजूदा दिशानिर्देशों में संशोधन किया गया है, ताकि उनकी स्पष्टता और पठनीयता को बेहतर किया जा सके। चुनाव आयोग ने बताया कि उम्मीदवारों के नाम और नोटा की नंबरिंग बड़े साइज में की जाएगी। नोटा सहित सभी उम्मीदवारों के नाम और उनके क्रमांक एक ही डिजाइन और एक ही आकार के फॉन्ट में होंगे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



