तिरूवनंतपुरम। कांग्रेस पार्टी ने 10 साल के बाद केरल की सत्ता में वापसी की है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी यूडीएफ ने 140 सदस्यों की विधानसभा में 102 सीटें जीत कर दो तिहाई बहुमत हासिल किया है। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 71 सीटों का है। कांग्रेस को अकेले 63 सीटें मिली हैं। कांग्रेस की सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को 22 सीटें मिली हैं। अन्य सहयोगियों को 17 सीटें मिली हैं।
लगातार 10 साल से सत्ता में रहे लेफ्ट डेमोक्रिटक फ्रंट को बड़ा झटका लगा है। उसे कुल 35 सीटें मिली हैं। वाम मोर्चे का नेतृत्व कर सीपीएम को 26 सीटें मिली हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी का खाता खुला है और उसको तीन सीटें मिली हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर नेमोम सीट से चुनाव जीत गए हैं। अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को 60 फीसदी से ज्यादा वोट मिले हैं, जबकि एलडीएफ को 28 फीसदी वोट मिले हैं। एनडीए को 11 फीसदी से कुछ ज्यादा वोट मिला है।


