राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

आधे घंटे में खत्म हुई कांग्रेस-सपा की बैठक

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर हुई सपा और कांग्रेस की पहली बैठक आधे घंटे से भी कम समय में समाप्त हो गई। दिल्ली में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के घर पर हुई। बताया जा रहा है कि इस बैठक में कांग्रेस ने 55 सीटों की एक सूची सपा को सौंपी। इसके बाद बैठक समाप्त हो गई। मंगलवार को फिर बैठक होगी, जिसमें आगे की बात होगी। कांग्रेस और सपा दोनों के नेताओं ने दो से तीन दिन में सीट बंटवारा फाइनल करने की बात कही है।

सपा की ओर से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव वार्ता का नेतृत्व कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा वार्ता करने वाली थीं। लेकिन उनकी जगह अजय माकन को कमान सौंपी गई है। बहरहाल, बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने पहली सूची ऐसी सीटों की दी है, जहां वह हर हाल में लड़ना चाहती है। मंगलवार को बाकी सीटों पर चर्चा होगी।

कांग्रेस ने राज्य की 403 सीटों को ‘ए’, ‘बी’ और ‘सी’ कैटेगरी में बांटा है। ‘बी’ श्रेणी में ऐसी सीटें हैं, जिन पर कांग्रेस ने पिछले चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि ‘सी’ श्रेणी में ऐसी सीटें हैं, जहां सामाजिक समीकरण के आधार पर कांग्रेस को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। ‘बी’ कैटेगरी में 55 और ‘सी’ में करीब 70 सीटें बताई जा रही हैं। तीसरे दिन यानी बुधवार को सभी सीटों पर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी। अंतिम फैसला अखिलेश यादव और राहुल व प्रियंका करेंगे।

बैठक के बाद रामगोपाल यादव ने कहा, ‘एक दूसरे की बात को सुना और हम जल्द ही इस गठबंधन को आखिरी तक पूरा करके आपको जल्द बताएंगे। दो से तीन दिन में हम पूरा कर लेंगे। दूसरी बैठक कल होगी’। कांग्रेस के यूपी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, ‘भाजपा बहुत परेशान है। उनकी परेशानी बढ़ने वाली है, यह तय है’। बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा, ‘हम लोगों ने आपस की बात की। दोनों ने अपनी बात रखी, हमने अपनी बात रखी। मैं बता दूं कि दोनों पक्षों के नेतृत्व में लगातार बात हो रही थी। दोनों पक्ष एक दूसरे पर विश्वास करते हैं। कल हम फिर बैठेंगे। इसके बाद हम इस चर्चा को आगे ले जाएंगे। मुश्किल से तीन-चार दिनों में सब चीजें तैयार हो जाएगी’।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment