नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। शुक्रवार को सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत में दो फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार, 28 मार्च को हुई कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में बढ़ोतरी पर फैसला हुआ। इससे पहले जुलाई 2024 में सरकार ने इन दोनों में तीन फीसदी की बढ़ोतरी की थी।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने आठवें वेतन आयोग की घोषणा कर दी है। उसकी सिफारिशें अगले साल जनवरी से लागू होने वाली हैं लेकिन उससे पहले इस बढ़ोतरी से महंगाई भत्ता 53 से बढ़ कर 55 फीसदी हो जाएगा। इसका फायदा करीब 49 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 66 लाख पेंशनभोगियों को होगा। यह बढ़ोतरी एक जनवरी 2025 से लागू होगी। चूंकि महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा में देरी हुई इसलिए अप्रैल के वेतन में पिछले तीन महीनों यानी जनवरी से मार्च 2025 के बकाए के साथ बढ़ा हुआ डीए भी शामिल होगा।
आमतौर पर केंद्र सरकार की ओर से महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी तीन से चार फीसदी के बीच होती है, लेकिन इस बार बढ़ोतरी सिर्फ़ दो फीसदी की हुई है। यह पिछले सात सालों में सबसे कम है। दूसरी खास बात यह है कि सरकार आमतौर पर होली और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों से पहले बढ़ोतरी की घोषणा करती है। इस बार घोषणा होली के बाद की गई।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


