नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण में सुधार नहीं हो रहा है। सोमवार को दिल्ली के अनेक इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक, एक्यूआई चार सौ से ऊपर रहा। पूरी दिल्ली का औसत एक्यूआई 396 दर्ज किया गया है। इस बीच दिल्ली सरकार ने प्रदूषण में कमी लाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने राजधानी में 50 फीसदी कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम का आदेश दिया है।
दिल्ली सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है, ‘वायु प्रदूषण से निपटने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी ग्रैप के तहत सभी सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 फीसदी कर्मचारियों के साथ काम करने का आदेश दिया है। बाकी 50 फीसदी कर्मचारी घर से काम करेंगे’। इसके अलावा जहां संभव हो, अलग अलग समय पर काम करने और वाहनों की आवाजाही को कम से कम करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र लगातार तीन सप्ताह से गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 396 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अभी कम से कम एक हफ्ते तक वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद नहीं है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



