नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान परमाणु बम बना रहा है। हालांकि इससे पहले अमेरिका की खुफिया एजेंसियों ने इससे इनकार किया था। इस साल मार्च में अमेरिका के इंटेलीजेंस नेटवर्क की प्रमुख तुलसी गबार्ड ने कहा था कि अमेरिकी खुफिया विभाग के आकलन से पता चला है कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बना रहा है। लेकिन ट्रंप ने इस बात को खारिज कर दिया है।
ट्रंप ने गबार्ड की बातों को नकारते हुए कहा, ‘मुझे फर्क नहीं पड़ता है कि किसने क्या कहा। मुझे लगता है कि ईरान परमाणु बम बनाने के बहुत करीब था’। अमेरिकी मीडिया समूह सीएनएन ने भी अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि तुलसी गबार्ड ने जिस अमेरिकी खुफिया आकलन की बात कही है उसके मुताबिक ईरान को अभी परमाणु हथियार बनाने में कम से कम तीन साल लगेंगे और वह इसके लिए बहुत कोशिश भी नहीं कर रहा है।
बहरहाल, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे जंग में परमाणु हथियार का मुद्दा जोर पकड़ रहा है। इस बीच इंटरनेशनल एटोमिक एनर्जी एजेंसी यानी आईएईए ने बताया है कि इजराइली हमले से ईरान के नतांज परमाणु ठिकाने के अंडरग्राउंड हिस्से को नुकसान पहुंचा है। आईएईए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि सेटेलाइट की तस्वीरें के आकलन से पता चलता है कि नतांज में अंडरग्राउंड हॉल पर प्रभाव पड़ा है। हालांकि इस्फहान और फोर्डो की पहले और अब की तस्वीरों में कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा है।
दूसरी ओर इजराइल ने भी कहा है कि उसने अब तक ईरान की फोर्डो न्यूक्लियर साइट पर हमला नहीं किया है। इजराइल के एक सैन्य अधिकारी ने कहा कि इजराइल नहीं चाहता कि उसके हमलों से कोई परमाणु आपदा आ जाए। इसलिए वह सावधानी बरत रहा है। हालांकि, उसने हमले की संभावना से भी इनकार नहीं किया। इस बीच इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा है कि फोर्डो में ईरान की न्यूक्लियर साइट ऐसा मुद्दा है, जिस पर निश्चित तौर पर चर्चा की जाएगी।


