लखनऊ। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों के यहां रविवार को छापा पड़ा। ये आरोपी अभी जेल में हैं और सोमवार को पुलिस इनको रिमांड पर ले सकती है। उससे पहले जेल में बंद सभी आठ आरोपियों के घरों पर रविवार सुबह सात बजे पुलिस की आठ टीमों ने एक साथ छापेमारी की। इस दौरान तीन आरोपियों के घर पर ताला लगा था। पुलिस ने पड़ोसियों से सवाल जवाब किए।
बताया जा रहा है कि चंपत राय के करीबी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर ताला लगा मिला। फिर भी पुलिस ने वहां तलाशी ली। यह भी बताया जा रहा है कि वहां से कुछ जेवरात और दस्तावेज मिले हैं। आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर पर पर भी छापेमारी के दौरान खरीदी गई संपत्तियों के दस्तावेज और बैंक अकाउंट डिटेल खंगाले गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस को अनुकल्प के घर डायरी और कुछ अहम दस्तावेज मिले हैं। पुलिस का मानना है कि डायरी राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले से संबंधित है। छापेमारी में राजस्व अधिकारियों खासकर लेखपालों को शामिल किया गया ताकि जमीनों के दस्तावेजों की जांच हो। पुलिस ने दोपहर तीन बजे तक करीब आठ घंटे जांच की।


