काराकस। वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। बुधवार शाम 7.2 और 7.5 तीव्रता के झटकों में अब तक कम से कम 164 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 1000 लोग घायल हैं। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, कई प्रांतों में दर्जनों इमारतें ढह गईं। राजधानी काराकस के उत्तर में स्थित ला गुएरा सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र है, जिसे सरकार ने “आपदा क्षेत्र” घोषित कर दिया है। भूकंप से सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा क्षतिग्रस्त होने के बाद उसकी सेवाएं बंद कर दी गई हैं। मेट्रो और गैस आपूर्ति भी रोक दी गई है। स्कूलों को फिलहाल बंद कर दिया गया है और कुछ स्कूलों को राहत शिविरों में बदला जा रहा है।
टीवी और सोशल मीडिया पर सामने आए दृश्यों में बचावकर्मी मलबे में फंसे लोगों को निकालते दिखाई दिए। अस्पतालों के बाहर बड़ी संख्या में घायलों का इलाज किया जा रहा है।भूकंप के झटके पड़ोसी देशों तक महसूस किए गए। ब्राजील के अमेजन क्षेत्र में भी एहतियात के तौर पर कई इमारतें खाली कराई गईं। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा करते हुए कहा कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने वेनेजुएला को खोज एवं बचाव दल, चिकित्सा संसाधन और मानवीय सहायता भेजने की घोषणा की।


