पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद भारतीय निर्वाचन आयोग ने बड़ा फेरबदल किया है। आयोग ने पीयूष पांडे को हटाते हुए सिद्ध नाथ गुप्ता को पश्चिम बंगाल का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया है। इसके अलावा, सुप्रतिम सरकार की जगह अजय कुमार नंद को कोलकाता का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आश्वासन दिया था कि पश्चिम बंगाल में चुनाव हिंसा-मुक्त और शांतिपूर्ण होंगे। इसके अगले ही दिन पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जिनमें पश्चिम बंगाल के डीजीपी और कोलकाता पुलिस कमिश्नर भी शामिल हैं, की नियुक्ति और तबादला किया है।
Also Read : स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से भारतीय फ्लैग शिप के आने का सिलसिला जारी, नेवी के वॉरशिप कर रहे हैं एस्कॉर्ट
चुनाव आयोग ने सोमवार को कई शीर्ष अधिकारियों के तत्काल तबादले और नियुक्ति का आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, 1992 बैच के आईपीएस सिद्ध नाथ गुप्ता को पश्चिम बंगाल के नए डीजीपी बनाने के अलावा, नटराजन रमेश बाबू को डीजी (करेक्शनल सर्विसेज), अजय मुकुंद रानाडे को एडिशनल डीजी (लॉ एंड आर्डर) नियुक्त किया गया है।
इससे पहले, रविवार रात को आयोग ने पश्चिम बंगाल की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और राज्य के गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा के तबादलों का आदेश दिया। आयोग ने यह भी आदेश दिया कि दोनों किसी भी प्रकार के चुनाव संबंधी कार्य में शामिल नहीं होंगे। दुष्यंत नरियाला ने चक्रवर्ती, वहीं संघमित्रा घोष ने मीणा की जगह ली है।
ईसीआई ने रविवार को घोषणा की कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में होंगे, जिसमें मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा। 2021 में बंगाल में 8 चरणों में चुनाव संपन्न हुए थे।
ईसीआई के अनुसार, इस बार पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा और दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। दोनों चरणों के वोटों की गिनती 4 मई को होगी। चुनाव प्रक्रिया 6 मई तक पूरी हो जाएगी।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



