नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया में कमाल की बातें सामने आ रही हैं। पिछले दिनों खबर आई थी कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आयोग की ओर से नोटिस जारी किया गया। अब खबर है कि देश के चुनाव आयुक्त एसएस संधू को भी आयोग की ओर से नोटिस गया है। यही नहीं देश के विदेश मंत्री एस जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिस्री के नाम से भी नोटिस जारी हुआ है।
बताया जा रहा है कि पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की बेटी प्रतिभा आडवाणी का नाम भी सूची में है। देश के जाने माने वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल और अभिषेक मनु सिंघवी का नाम भी उस सूची में शामिल है, जिन्हें किसी न किसी वजह से चुनाव आयोग की ओर से नोटिस जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि अलग अलग मामलों में नाम की स्पेलिंग में अंतर और पुराने एसआईआर रिकॉर्ड से नाम नहीं होने जैसी वजहों से इन लोगों को नोटिस जारी किया गया है।
बताया जा रहा है कि इन सबके नाम एसआईआर के पहले चरण के बाद जारी मसौदा सूची में शामिल हैं। लेकिन किसी के नाम में स्पेलिंग गलत है तो किसी का नाम पिछली बार के एसआईआर की सूची से मैच नहीं हो रही है यानी उनकी मैपिंग नहीं हो पाई है। कुछ मामलों में रिकॉर्ड में तार्किक विसंगति का भी जिक्र किया गया है। चुनाव आयोग ने तार्किक विसंगति की एक अलग श्रेणी बनाई है, जिसमें पश्चिम बंगाल में 27 लाख से ज्यादा नाम काटे गए। बहरहाल, दिल्ली में कहा जा रहा है कि नोटिस जाने मतलब यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हट गया है। यह मतदाता रिकॉर्ड के सत्यापन की प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



