अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव से दो साल पहले भाजपा ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़ कर पूरी सरकार बदल दी है। भाजपा ने गुरुवार को भूपेंद्र पटेल सरकार के सभी 16 मंत्रियों का इस्तीफा लिया और शुक्रवार को 26 नए मंत्रियों के साथ पूरी नई सरकार बनवा दी। बताया जा रहा है कि विसावदर विधानसभा सीट के उपचुनाव में हारने के बाद से फेरबदल की तैयारी हो रही थी। राज्य में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों से पहले यह बदलाव किया गया है।
शुक्रवार को शपथ लेने वाले 26 मंत्रियों में 19 नए चेहरे हैं, जबकि पिछली बार के छह मंत्रियों को फिर से शपथ दिलाई गई। सरकार में हुई बड़ी फेरबदल की हाईलाइट यह है कि राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। भारत के टेस्ट क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्वी रिवाबा जडेजा को राज्यमंत्री बनाया गया है। नए मंत्रियों में आठ मंत्री पिछड़ी जाति से और तीन अनुसूचित जाति से हैं। अनुसूचित जनजाति के चार मंत्री बनाए गए हैं। सरकार में तीन महिलाओं को जगह मिली है।
गौरतलब है कि भूपेंद्र पटेल पहली बार सितंबर 2021 में मुख्यमंत्री बने थे। उस समय मुख्यमंत्री विजय रूपानी को अचानक हटा कर पटेल को सीएम बनाया गया था। तब रूपानी सरकार के लगभग सभी मंत्रियों को भी हटा दिया गया था। उसके बाद विधानसभा चुनाव के बाद 12 दिसंबर 2022 को भूपेंद्र पटेल ने दूसरी बार सीएम पद की शपथ ली। उनके साथ 16 विधायक मंत्री बने थे। अब विधानसभा चुनाव से दो साल पहले नया मंत्रिमंडल बना है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



