अहमदाबाद। टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह मुकाबला होगा। इस टूर्नामेंट में लीग स्टेज में भारत एक बार भी नहीं हारा। नॉकआउट राउंड में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया था। उसी दक्षिण अफ्रीका को हरा कर न्यूजीलैंड फाइनल में पहुंचा है। इस बार का टी20 विश्व कप मुकाबला सात फरवरी को 20 टीमों के बीच शुरू हुआ।
न्यूजीलैंड ने कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ और भारत ने मुंबई में इंगलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल जीता। दोनों ही टीमें अहमदाबाद में एक एक मैच दक्षिण अफ्रीका से हार चुकी हैं, अब इसी मैदान पर चैंपियनशिप की दावेदारी पेश करेंगी। गौरतलब है कि भारत 2007 और 2024 में चैंपियन बन चुका है, वहीं न्यूजीलैंड की टीम 2021 के बाद अब फाइनल में पहुंची है।
फाइनल मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि ट्रॉफी जीतने के लिए अगर अरबों भारतीय प्रशंसकों का दिल तोड़ना पड़े तो भी उन्हें ऐतराज नहीं होगा। शनिवार को सैंटनर के इस बयान पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जवाब दिया, ‘कुछ नया लेकर आइए, हर कोई वही बात कर रहा है’। फाइनल से पहले सैंटनर ने कहा कि घरेलू मैदान पर खेलने की वजह से भारत पर खिताब जीतने का दबाव ज्यादा रहेगा।
सैंटनर ने कहा कि मुकाबले में भारत के टॉप ऑर्डर के विकेट अहम होंगे और सही समय पर शुरुआती विकेट निकालना मैच का रुख बदल सकता है। दूसरी ओर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उनके लिए टीम की जीत मायने रखती है। टीम परिस्थिति के हिसाब से खेलेगी और लक्ष्य चाहे जो भी हो, उसे हासिल करने या डिफेंड करने की पूरी कोशिश करेगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


