नई दिल्ली। अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते पर दोनों देशों का साझा बयान अगले हफ्ते जारी हो सकता है। इस समझौते की जानकारी देने के एक दिन बाद गुरुवार को वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच दोपक्षीय व्यापार संधि पर साझा बयान अगले चार से पांच दिनों में फाइनल हो सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि यह समझौते का पहला ट्रांच यानी पहला अंश है। उन्होंने कहा कि लीगल टेक्स्ट मार्च के मध्य तक तैयार हो जाएगा।
गुरुवार को संसद में मीडिया से बातचीत में इस समझौते के बारे में जानकारी दी। पीयूष गोयल ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत तेजी से चल रही है। उन्होंने कहा कि साझा बयान पर दस्तखत के बाद अमेरिका भारतीय उत्पादों पर टैरिफ घटा कर 18 फीसदी कर देगा। गोयल ने बताया कि साझा बयान वर्चुअल तरीके से भी साइन हो सकता है। उन्होंने कहा, ‘भारत और अमेरिका कॉम्प्लिमेंट्री इकोनॉमी हैं, यह डील दोनों के लिए फायदेमंद होगी’।
विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का हवाला दिए बगैर पीयूष गोयल ने स्पष्ट किया कि कृषि और डेयरी सेक्टर को इस डील में पूरी तरह से संरक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि फ्रेमवर्क अंडरस्टैंडिंग में दोनों देशों के क्रिटिकल और सेंसिटिव सेक्टर सुरक्षित रहेंगे। गोयल ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की ऊर्जा सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस डील में निवेश का कोई वादा नहीं है।


