नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के मुकाबले इसी हफ्ते फिर से शुरू हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि 16 मई से आईपीएल फिर शुरू हो सकता है। मौजूदा सीजन के बचे मुकाबले चार जगहों पर खेले जा सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि फाइनल मुकाबला पहले से तय तारीख पर यानी 30 मई को हो सकता है। नया शेड्यूल जल्दी ही जारी होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई के सूत्रों के हवाले से मीडिया खबर दी है कि बचे हुए मुकाबले जल्दी शुरू हो सकते हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक जानकार सूत्र के हवाले से बताया है कि फाइनल मैच कोलकाता से बाहर हो सकता है। गौरतलब है कि पाकिस्तान के साथ तनाव के बीच नौ मई को आईपीएल के बचे हुए मैच स्थगित कर दिए गए थे। बीसीसीआई ने लीग को रोकते हुए कहा था कि देश इस समय युद्ध की स्थिति में है। ऐसे में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन ठीक नहीं है। आईपीएल 2025 में 74 मैच खेले जाने हैं। आठ मई तक 58 मैच हो चुके थे। यानी अब 16 मुकाबले बाकी हैं। इनमें 12 मैच लीग स्टेज के हैं और 4 मैच प्ले ऑफ स्टेज के हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



