नई दिल्ली। अमेरिका के साथ चल रहे शांति प्रयासों पर ईरान को यकीन नहीं हो रहा है। ईरान को लग रहा है कि फिर से युद्ध छिड़ सकता है। उसने कहा है कि ईरान के एक सीनियर सैन्य अधिकारी मोहम्मद जाफर असदी ने आशंका जताई है कि अमेरिका के साथ फिर से युद्ध शुरू हो सकता है। ईरान की मीडिया की खबरों के मुताबिक असदी ने कहा है कि ईरान की सेना पूरी तरह तैयार है और अगर अमेरिका कोई गलत कदम उठाता है, तो जवाब दिया जाएगा।
असल में यह नया विवाद इस वजह से शुरू हुआ है क्योंकि ईरान ने शांति का जो नया प्रस्ताव पाकिस्तान के जरिए भेजा था उसे भी अमेरिका ने खारिज कर दिया है। उसमें कहा गया है कि ईरान होर्मुज की खाड़ी खोलने को तैयार है लेकिन पहले अमेरिका अपनी नाकेबंदी समाप्त करे। साथ ही इसमें यह भी कहा गया है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बाद में बात होगी। अमेरिका इसके लिए किसी हाल में तैयार नहीं है।
बहरहाल, ईरान के सैन्य अधिकारी ने आरोप लगाया कि अमेरिका किसी भी समझौते या वादे का पालन नहीं करता। असदी ने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों के बयान और कदम ज्यादातर दिखावटी और मीडिया के लिए होते हैं। उनका मकसद पहले तेल की कीमतों को गिरने से रोकना और दूसरा अपनी बनाई हुई मुश्किल स्थिति से बाहर निकलना है।
दूसरी ओर, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वे ईरान को किसी भी हालत में परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे, क्योंकि यह पूरी दुनिया की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा है। इसी वजह से अमेरिका को ईरान के खिलाफ जंग में उतरना पड़ा। दूसरी ओर ईरान का मानना है कि परमाणु मुद्दे को बाद में रखने से समझौता करना आसान हो सकता है। यह प्रस्ताव डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल खारिज कर दिया है।


