नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता चल रही है और युद्धविराम की घोषणा किसी भी समय हो सकती है। लेकिन उससे पहले ईरान ने अपना परिष्कृत किया गया यूरेनियम अमेरिका को सौंपने से इनकार कर दिया है। ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया से कहा है कि शुरुआती समझौते में परमाणु का मुद्दा शामिल ही नहीं है। बताया जा रहा है कि यूरेनियम और परमाणु कार्यक्रम का मुद्दा बाद की बातचीत में शामिल किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा था कि अमेरिका ईरान को हाईली एनरिच्ड यूरेनियम रखने नहीं देगा। उन्होंने कहा था कि हम उसे हासिल करेंगे, इसे ईरान को नहीं रखने देंगे। पिछले दिनों खबर आई थी कि ईरान अपना यूरेनियम भंडार छोड़ने को तैयार हो गया है। हालांकि अब ईरानी पक्ष ने इन खबरों को खारिज कर दिया है।
दूसरी ओर ईरानी न्यूज एजेंसी ‘फार्स’ ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच तैयार हो रहे समझौते के मसौदे में तय हुआ है कि अमेरिका और इजराइल ईरान या उसके समर्थक समूहों पर हमला नहीं करेंगे। इसके बदले ईरान भी अमेरिका और इजराइल पर पहले हमला नहीं करने का वादा करेगा। उधर अमेरिकी वेबसाइट ‘एक्सियोस’ की रिपोर्ट के मुताबिक इस समझौते में यह भी साफ किया गया है कि इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच चल रहा संघर्ष खत्म किया जाएगा। इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा कि ईरान में कोई भी बड़ा फैसला सुप्रीम लीडर की मंजूरी के बिना नहीं लिया जाएगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


