जयपुर। राजस्थान के चूरू में भारतीय वायु सेना का लड़ाकू विमान जगुआर बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान के पायलट और सह पायलट दोनों शहीद हो गए। हादसे की जगह पर दूर दूर तक लड़ाकू विमान का मलबा बिखरा पड़ा मिला। यह हादसा बुधवार, नौ जुलाई को दोपहर 12 बज कर 40 मिनट पर हुआ। भारतीय वायु सेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की है।
चूरू एसपी जय यादव ने हादसे की जानकारी देते हुए कहा, राजलदेसर थाना क्षेत्र के गांव भाणूदा में विमान हादसा हुआ। इसमें दो लोगों की मौत हुई है। मलबे के पास से बुरी तरह क्षत विक्षत शव के टुकड़े मिले हैं। बताया जा रहा है कि हादसे से पहले तकनीकी कारणों से पायलट इजेक्ट नहीं कर पाए। पिछले पांच महीनों में देश भर में तीन जगुआर विमान क्रैश हो चुके हैं। बताया गया है कि यह लड़ाकू विमान श्रीगंगानगर के पास सूरतगढ़ एयरबेस से उड़ा था। यह दो सीट वाला विमान था, जिसका इस्तेमाल ट्रेनिंग के लिए किया जाता है। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



