श्रीनगर। राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर में कांग्रेस के चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है। पहले चरण के मतदान से दो हफ्ते राहुल गांधी ने बुधवार को पहली चुनावी रैली की और जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रचार अभियान शुरू करने से पहले राहुल ने कांग्रेस के प्रचार का बिगुल बजाया। उन्होंने रामबन और अनंतनाग में चुनावी रैली की। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस ने चुनावी तालमेल किया है। राज्य में 18 और 25 सितंबर और एक अक्टूबर को मतदान होना। चुनाव के नतीजे आठ अक्टूबर को आएंगे।
बहरहाल, बुधवार को कांग्रेस की रैली में राहुल ने कहा- जम्मू कश्मीर से स्टेटहुड छीना गया, हम इसे वापस देंगे। यहां राजा का शासन है। यहां के राजा एलजी हैं। पहले केंद्र शासित प्रदेश को राज्य बनाते थे। मोदी जी राज्यों को केंद्र शासित प्रदेश बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ, जब किसी राज्य से उसका दर्जा छीन लिया गया। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित अंबानी, अडानी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा- पीएम मोदी पहले छाती फैलाकर चलते थे। अब वे कंधे झुकाकर आते हैं। इस बार संसद में सिर पर संविधान रखकर घुसे।
जम्मू कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के गठबंधन में राज्य की 90 सीटों में से 51 पर नेशनल कॉन्फ्रेंस और 32 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। पांच सीटों पर दोस्ताना मुकाबला होगा। इसके अलावा सीपीएम और पैंथर्स पार्टी को एक एक सीट मिली है। बहरहाल, राहुल गांधी ने कांग्रेस की रैली में कहा- 1947 के बाद से पहली बार एक राज्य से उनका अधिकार छीना गया है। सिर्फ कांग्रेस पार्टी और नेशनल कॉन्फ्रेंस की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि जम्मू कश्मीर को स्टेटहुड दिया जाए। उन्होंने कहा- भाजपा और संघ कुछ भी कह ले, हम जम्मू कश्मीर के लोगों को उनका स्टेटहुड वापस देने जा रहे हैं।
राहुल ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा- देश में 22 से 25 अरबपति हैं। मोदी जी ने इनका 16 लाख करोड़ का कर्जा माफ किया है, लेकिन किसानों या स्टूडेंट्स का एक रुपया माफ नहीं हुआ। देश सिर्फ दो तीन लोगों के लिए नहीं चलता है। सरकार बनने पर कर्ज माफी को हम जम्मू कश्मीर में भी लागू करेंगे। उन्होंने आगे कहा- पीएम मोदी ने पहले कहा कि जाति जनगणना नहीं होगी। अब आरएसएस ने कहा, होनी चाहिए। लैटरल एंट्री पर भी वे बैकफुट पर आए। हमने मोदी को साइकोलॉजिकली उड़ा दिया है। उनका कॉन्फिडेंस गायब हो गया है। नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान की जनता से डरते हैं। अब हम इन्हें सरकार से भी हटा देंगे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


