नई दिल्ली। शराब नीति घोटाले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट में मामले की सुनवाई कर रही जज को बदलने की मांग वाली याचिका दाखिल की है। दूसरी ओर सिसोदिया ने हाई कोर्ट के समन को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
गौरतलब है कि दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने 27 फरवरी को केजरीवाल, सिसोदिया सहित शराब नीति में हुए कथित घोटाले के 23 आरोपियों को बरी कर दिया था। उसी दिन सीबीआई ने हाई कोर्ट में इस फैसले को चुनौती दी। नौ मार्च को हाई कोर्ट की जज जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने सीबीआई की याचिका पर केजरीवाल, सिसोदिया सहित 23 आरोपियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
सीबीआई की अपील पर अब 16 मार्च को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई होनी है। इससे पहले आप नेता सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। नौ मार्च की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने विशेष अदालत की सीबीआई अधिकारियों के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर रोक लगा दी थी। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने यह भी निर्देश दिया कि इससे जुड़े धन शोधन मामले में विशेष अदालत आगे की सुनवाई तब तक टाल दे, जब तक हाई कोर्ट इस मामले पर आगे सुनवाई न कर ले।


