नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में उनकी सभा स्थल का शुद्धिकरण किए जाने का मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने सदन में कहा, ‘मैं हल्द्वानी में था, जहां मैंने रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया। वहां लाखों लोग मौजूद थे। उस समय मैंने किसी समुदाय या धर्म का नाम नहीं लिया, बल्कि सिर्फ सरकार के मुद्दों को दोहराया। लेकिन मेरे भाषण के बाद बीजेपी के लोगों ने वहां उस मंच को ‘शुद्ध’ करने के लिए हवन किया’।
जिस समय खड़गे ने यह मुद्दा उठाया उस समय सोनिया गांधी भी उनके साथ मौजूद थीं। खड़गे की ओर से यह मुद्दा उठाए जाने के बाद सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, ‘खड़गे जी ने जो कहा, वह बेहद दुखद है। यह सिर्फ कांग्रेस के लिए नहीं, बल्कि हम सभी के लिए दुख की बात है। बीजेपी ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती। कभी नहीं। लेकिन हम इसकी जांच करेंगे’। उन्होंने आगे कहा, ‘मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि वहां जो कुछ हुआ, उसकी निश्चित रूप से जांच की जाएग’।
जेपी नड्डा ने कहा, ‘मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि बीजेपी ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती। मैं इसकी निंदा करता हूं। राष्ट्रीय अध्यक्ष इस मामले को देखेंगे। यह हम सभी के लिए बेहद अफसोस की बात है कि आपकी भावनाएं आहत हुईं’। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने भी इस मुद्दे पर अफसोस जताया और कहा, ‘छुआछूत जैसी कोई चीज नहीं होनी चाहिए। यह पाप है। हम सभी शुद्ध हैं। मामले की जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



