राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा- खड़गे

खड़गे

पटना। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर ऐसी टिप्पणी कर दी है, जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया है। उन्होंने पटना में रविवार को एक कार्यक्रम में मोदी के पिताजी के लिए अपमानजनक संबोधन का इस्तेमाल किया। असल में खड़गे बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम में बोल रहे थे। उसी दौरान सभा में मौजूद एक व्यक्ति ने खड़े होकर कहा कि ‘मोदी जी कहीं नहीं जाने वाले’, इस पर नाराज खड़गे ने कहा, ‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा’।

हालांकि बीच में बोलने वाला कांग्रेस का कार्यकर्ता ही था। उसने कहा था, ‘मोदी जी नहीं जाने वाले हैं। जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, मोदी सरकार नहीं हटेगी’। इस पर खड़गे गुस्सा होकर बोले, ‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा’। यह बात उन्होंने तीन बार दोहराई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उस सवाल उठाने वाले व्यक्ति की पिटाई कर दी। हालांकि वह कांग्रेस का ही कार्यकर्ता था। उसका नाम संतोष है। पिटाई के दौरान वहां मौजूद पुलिस वालों ने उसे बचाया और बाहर ले गई।

बाद में संतोष ने मीडिया से कहा, ‘खड़गे मेरी बात समझ नहीं पाए। मैंने कहा था शांत बैठने से मोदी नहीं जाएगा। राहुल समेत विपक्ष ने सभी बड़े नेताओं को यह बात समझनी होगी। मोदी तब ही जाएंगे, जब विद्रोह होगा’। बाद में भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खड़गे का यह वीडियो शेयर किया और कहा कि कभी जिस भाषा को गुंडे मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग प्रतीत होती है।

बहरहाल, खड़गे ने अपने भाषण में नीतीश कुमार पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सोशलिस्ट विचारधारा को लेकर आगे बढ़ें, लेकिन अब भाजपा और आरएसएस की गोद में जाकर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा, ‘जब आदमी के पास कमजोरी आती है, तब आईडियोलॉजी के ऊपर से विश्वास उठ जाता है। हमें तो सभी ने मारा, फिर भी हम और मेरे लीडर राहुल गांधी जिंदा है और लड़ रहे हैं। लोगों के लिए मर रहे हैं’। खड़गे ने आगे कहा, ‘जब तक इस देश में आरएसएस की विचारधारा खत्म नहीं होगी, तब तक इस देश में शांति नहीं आएगी। शांति को भंग करने वाले यही लोग है। आज भी छुआछूत करने वाले लोग आरएसएस में भरे पड़े हैं’।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment