नई दिल्ली। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने होरमुज की खाड़ी को खोलने और तेल टैंकर व कार्गो जहाजों की सुचारू आवाजाही पर बातचीत के लिए एक अहम बैठक बुलाई। गुरुवार की शाम को यानी भारतीय समय के मुताबिक देर रात यह बैठक होनी है। इस वर्चुअल बैठक में भारत भी शामिल हो रहा है। भारत की ओर से विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इसमें हिस्सा लेंगे। भारत और ब्रिटेन के अलावा 33 और देश इस बैठक में शामिल हो रहे हैं। सबकी एक साझा चिंता होरमुज की खाड़ी को खुलवाना और तेल व गैस का आपूर्ति शृंखला को फिर से बहाल करने की है।
ये सभी देश चाहते हैं कि होरमुज की खाड़ी से उनके जहाज़ बिना किसी रुकावट के और सुरक्षित रूप से निकलें। इस बैठक में ब्रिटेन के अलावा फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, जापान, कनाडा, दक्षिण कोरिया जैसे देश शामिल होंगे। भारत भी इसमें शामिल हो रहा है। गौरतलब है कि भारत सीधे ईरान के भी संपर्क में है और उससे तेल खरीद रहा है। खाड़ी के देशों में संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई, बहरीन और ओमान भी शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और स्कैंडिनेवाई देश भी इसमें शामिल हो रहे हैं।


