राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

राहुल ने शुरू किया सत्याग्रह अभियान

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की तर्ज पर सत्याग्रह अभियान शुरू किया है। इस अभियान के जरिए राहुल देश भर में अन्याय और अपने हक के लिए लड़ रहे लोगों की आवाज को एक साथ जोड़ेंगे। गौरतलब है कि इस समय पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी से लेकर एसआईआर और महंगाई के खिलाफ लोगों में गुस्सा है, जो बार बार प्रकट हो रहा है। राहुल ऐसे हर मुद्दे से जुड़े लोगों को एक पहल से जोड़ेंगे।

राहुल गांधी ने कहा है, ‘जो भी लोग अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं, वे अपनी कहानी भेजें। मैं नेता विपक्ष के रूप में संसद से लेकर सड़क तक आपके साथ खड़ा हूं’। गौरतलब है कि आजादी की लड़ाई के दौरान महात्मा गांधी ने भी यही तरीका अपनाया था। उन्होंने लोगों से अपनी मुश्किलें लिख कर भेजने को कहा था। तब उनकी अपील पर हजारों लोगों ने अपनी शिकायतें उनको लिख कर भेजी थीं।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘देश भर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर अकेले लड़ रहे हैं। जेन जी, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएं। हर संघर्ष की अपनी कहानी है। पर जो आवाज अकेली उठती है, वो अक्सर दब जाती है। सत्याग्रह इन्हीं आवाजों को एक साथ लाने की पहल है’। उन्होंने लिखा, ‘बापू ने यही सिखाया था, सच सबसे बड़ा हथियार है। पर उससे भी बड़ा हथियार है, एकता में सच के साथ खड़े होना। अगर आप भी किसी अन्याय से लड़ रहे हैं, अपनी कहानी भेजिए। दो मिनट लगेंगे’।

गौरतलब है कि खुद कांग्रेस पार्टी भी इस समय मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही थी। विपक्षी पार्टियों की साझा बैठक में आंदोलन की योजना बनी है। दूसरी पार्टियों ने भी देश के अलग अलग हिस्सों में आंदोलन किया है। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियों के सांसद और नेता छह अक्टूबर को चुनाव आयोग का घेराव करेंगे। विपक्ष की बैठक में दो से आठ अक्टूबर तक लगातार प्रदर्शन करने की योजना बनी है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment