नई दिल्ली। तीन राज्यों की 11 सीटों के लिए हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने बड़ा उलटफेर किया है। बिहार में विपक्षी गठबंधन के पास 41 विधायक होने के बावजूद भाजपा ने पांचों सीट जीत ली हैं। कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया, जिससे पांचों सीटें एनडीए ने जीत ली। ओडिशा में भी कांग्रेस और बीजद विधायकों की क्रॉस वोटिंग से भाजपा ने चार में से तीन सीटें जीत लीं।
ओडिशा में दो सीटों पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और सुजीत कुमार जीते। तीसरी सीट पर भाजपा समर्थित दिलीप रे की जीत हुई। चौथी सीट बीजू जनता दल के खाते में गई। गौरतलब है कि बीजद और कांग्रेस के पास 62 विधायक थे और दो सीटों पर जीत के लिए 60 विधायकों की जरुरत थी। लेकिन कांग्रेस और बीजद विधायकों की क्रॉस वोटिंग से भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे चुनाव जीत गए। कांग्रेस की मुस्लिम विधायक सोफिया फिरदौस ने भी क्रॉस वोटिंग की।
उधर बिहार की सभी पांच सीटें एनडीए ने जीत ली हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन उच्च सदन के लिए चुने गए हैं। इनके अलावा जदयू के रामनाथ ठाकुर, भाजपा के शिवेश राम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा चुनाव जीते हैं। महागठबंधन के अमरेंद्रधारी सिंह को 37 वोट मिले, वे जीतने के लिए जरूरी 41 वोट का इंतजाम नहीं कर सके। पांचवें उम्मीदवार भाजपा के शिवेश राम दूसरी वरीयता के मतों से चुनाव जीते।
बताया जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नितिन नवीन को 44-44 वोट मिले। वहीं रामनाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा को 42-42 वोट मिले हैं। पांचवीं सीट के लिए पहली वरीयता में भाजपा उम्मीदवार शिवेश राम को 30 वोट मिले थे। राजद के अमरेंद्रधारी सिंह को 37 वोट मिले हैं। कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक वोट डालने नहीं पहुंचे।
हरियाणा में तीन सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव चार बजे संपन्न हुआ। लेकिन देर रात तक नतीजे नहीं आए। हरियाणा में 90 विधायक में से 88 विधायकों ने वोट डाला। इंडियन नेशनल लोकदल के दोनों विधायक अर्जुन चौटाला और आदित्य देवीलाल वोटिंग से दूर रहे। कई वोट अवैध होने की खबरों के बाद देर रात तक जांच चली। खबर लिखे जाने तक कांग्रेस का एक वोट अवैध करार दिया गया था। एक सीट भाजपा के संजय भाटिया ने जीती है। लेकिन दूसरी सीट पर कांग्रेस के करमबीर बौद्ध और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नंदल के बीच टक्कर है। कांग्रेस के कई विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की चर्चा है।


